logo

जीरन में संत श्री रविदास महाराज का जन्मोत्सव 1 फरवरी को धूमधाम से मनाया जायेगा, विधायक निधि से बने चद्दर शेड का होगा लोकार्पण

जीरन - संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का पावन जन्मोत्सव अहिरवार समाज द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर समाजजनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा कार्यक्रम की तैयारियाँ जोरों पर हैं। कार्यक्रम का आयोजन 1 फरवरी 2026, रविवार को शाम 6:00 बजे किया जाएगा। समारोह स्थल श्री गुरु रविदास अहिरवार समाज धर्मशाला, जयप्रकाश नगर, जीरन रहेगा, जहाँ बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर धर्मशाला परिसर में विधायक निधि से निर्मित चद्दर शेड का भी विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। यह निर्माण कार्य समाज की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कराया गया है, जिससे भविष्य में होने वाले सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में लोगों को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री दिलीपसिंह जी परिहार होंगे, जो लोकार्पण के साथ समाजजनों को संबोधित भी करेंगे। उनके साथ अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों के स्वागत की विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर संत श्री रविदास जी के जीवन, विचारों और उनके द्वारा दिए गए समानता, भाईचारे एवं मानवता के संदेशों को याद किया जाएगा। भजन-कीर्तन, माल्यार्पण एवं सामूहिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। अहिरवार समाज ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

Top