logo

बरसात से पहले नगर परिषद सरवानिया महाराज का विशेष स्वच्छता महाअभियान शुरू

सरवानिया महाराज - आगामी मानसून को देखते हुए नगर परिषद सरवानिया महाराज द्वारा नगर के सभी वार्डों में व्यापक स्वच्छता एवं जल निकासी महाअभियान प्रारंभ किया गया है। नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने कहा कि बारिश के दौरान नगरवासियों को जलभराव, गंदगी एवं जलजनित बीमारियों से बचाने के लिए नाला-नालियों की सफाई और सुचारू जल निकासी सुनिश्चित करना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएमओ के निर्देशानुसार नगर के सभी छोटे-बड़े नालों, नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सघन सफाई की जा रही है। सफाई कार्य के दौरान नालों में जमी गाद, सिल्ट एवं कचरे को निकालकर जल प्रवाह को बाधा रहित बनाया जा रहा है। साथ ही उन संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जहां प्रत्येक वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। नगर परिषद के स्वच्छता दरोगा विजय दुर्गज के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों एवं सफाई कर्मचारियों की टीम द्वारा तालाबों, नालों और नालियों की व्यापक सफाई की जा रही है। अभियान के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जमा कचरा एवं अवरोधों को हटाकर स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाने का कार्य किया जा रहा है। सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया ने बताया कि बरसात के पूरे मौसम में यह विशेष स्वच्छता महाअभियान निरंतर जारी रहेगा तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। "स्वच्छ नगर, सुरक्षित नगर – जलभराव मुक्त सरवानिया महाराज" के संकल्प के साथ नगर परिषद का यह विशेष अभियान निरंतर जारी है। "स्वच्छता और बेहतर जल निकासी ही बरसात में नगरवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नगर परिषद सरवानिया महाराज हर वार्ड में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।" — रूपेंद्र सिंह जैन, अध्यक्ष नगर परिषद सरवानिया महाराज "बरसात के मौसम से पहले परिषद द्वारा सफाई कर्मचारियों की टीम लेकर नियमित रूप से लगातार सभी वार्डों की नालियों के लिए विशेष सफाई अभियान का आगाज किया गया है आमजन से अपील है अपने आसपास कहीं भी गंदगी ना होने दे तथा जल भराव होने जैसी जगह की जानकारी सफाई कर्मचारियों को दे ताकि वे जल निकासी की सुचारु व्यवस्था कर सके जिससे जल जमा होकर मच्छरों का प्रकोप नहीं बढ़ेगा" ''विजय कुमार दुर्गज,, स्वच्छता दरोगा नगर परिषद सरवानिया महाराज.

Top