logo

_*हरवार में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, अहिरवार समाज की नई कार्यकारिणी का भी हुआ गठन*_

हरवार - गाँव हरवार में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। रविवार 1 फरवरी को अहिरवार समाज के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया, शोभायात्रा की शुरुआत हरवार स्थित गुरु रविदास मंदिर से हुई। संत रविदास महाराज की आकर्षक एवं सुसज्जित झांकी, बैंड-बाजों, और भजन-कीर्तन के साथ यात्रा पूरे गांव के प्रमुख मार्गों नई आबादी, पीपल चौक, चामुंडा माता मंदिर, कालभैरव मंदिर तथा अहिरवार मोहल्ला बस स्टैंड से होकर गुजरी। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। भक्तजन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे प्रेरणादायी संदेशों के साथ संत रविदास जी के विचारों का स्मरण करते नजर आए। शोयायात्रा के दौरान युवाओं, महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। शोभायात्रा पुनः रविदास मंदिर परिसर पहुंची, जहां सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। आरती में उपस्थित श्रद्धालुओं ने समाज में समानता, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी ग्रामवासियों, सहयोगकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संत रविदास जी का संदेश समाज को एकता, समरसता और मानवता की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था सराहनीय रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। _*हरवार अहिरवार समाज की नई कार्यकारिणी घोषित*_ इस अवसर पर हरवार में अहिरवार समाज की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से अध्यक्ष: राधेश्याम अहीरवार (ठेकेदार) उपाध्यक्ष: बलराम अहीरवार सचिव रवि अहीरवार कोषाध्यक्ष: राधेश्याम (राजू) अहीरवार को दायित्व सौंपे गए, कार्यकारिणी गठन के बाद समाज की ओर से सामूहिक भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अहिरवार समाज के कायकर्ता गोपाल राठौर, राधेश्याम अहिरवार, शोभाराम अहिरवार, दशरथ अहिरवार, श्यामलाल अहिरवार, बालमुकुंद अहिरवार, नरेंद्र अहीरवार, उमेश अहिरवार, हरीश राठौर, वीरेंद्र अहिरवार, पंकज अहिरवार, राजू अहिरवार सहित अनेक समाजजन मौजूद रहे। पूरा आयोजन रविदास ग्रुप हरवार एवं अहिरवार समाज हरवार के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ।

Top