सरवानिया महाराज - शहर के प्रमुख जावी चौराहे पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नीमच–सिंगोली रोड पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहन वैकल्पिक मार्ग के रूप में जावी होते हुए सरवानिया महाराज की ओर से गुजर रहे हैं। इसके चलते जावी चौराहे पर दिनभर भारी ट्रैफिक बना रहता है और रोज़ाना जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सुबह से लेकर शाम तक हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों, महिलाओं एवं दैनिक यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। स्थानीय नागरिकों द्वारा इस समस्या को लेकर नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। इसे लेकर स्थानीय पत्रकारों ने भी प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों का कहना है कि यदि जल्द ही यातायात व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। नागरिकों ने मांग की है कि जावी चौराहे पर स्थायी रूप से पुलिस जवान की तैनाती की जाए। ताकि आमजन को ट्रैफ़िक जाम जैसी स्थिति से निजात मिल सके।