जीरन - नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 14 में आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बनी पानी की टंकी पर मधुमक्खियों के कई छत्ते बने हुए हैं। इसी आंगनबाड़ी में रोजाना मासूम बच्चे पढ़ने आते हैं, जबकि पास से मुख्य मार्ग गुजरता है, जिससे आमजन की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार मधुमक्खियां अक्सर उड़ती रहती हैं, जिससे बच्चों और राहगीरों में डर का माहौल बना रहता है। कुछ दिन पहले नीमच जिले में बच्चों को बचाने के दौरान कंचन बाई की जान चली गई थी, उसके बाद भी यदि ऐसी स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया तो जीरन में भी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने नगर पंचायत एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि तत्काल संज्ञान लेकर पानी की टंकी पर बने मधुमक्खियों के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी समय रहते कार्रवाई करेंगे या किसी हादसे के बाद ही जागेंगे।