उमरिया - सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सतत सक्रिय रहने वाले डॉ. अरुण तिवारी को राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह सेंगर द्वारा की गई है। डॉ. तिवारी पूर्व में संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे थे। उनके समर्पण, सक्रियता एवं संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। डॉ. अरुण तिवारी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रवादी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। वे श्री मार्कंडेय संघर्ष समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं तथा न्यू इंडिया मिशन मोदी विचार मंच के जिला अध्यक्ष (उमरिया) की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे भारत रक्षा मंच के महाकौशल प्रांत युवा मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका में हैं। विभिन्न संगठनों में दायित्व निभाते हुए उन्होंने समाज सेवा, गौ-संरक्षण, युवाओं के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय चेतना जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी नियुक्ति पर राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। जिला उमरिया के राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि डॉ. तिवारी के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त, संगठित एवं सक्रिय रूप में कार्य करेगा। अपने सौम्य, सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे समाज में विशेष पहचान रखते हैं और निरंतर जनहित के कार्यों में संलग्न रहते हैं। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण तिवारी ने इस अवसर पर राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की विचारधारा एवं उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, गौ-संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को राष्ट्रसेवा से जोड़ने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।