logo

पारंपरिक विधि-विधान के साथ सरवानिया महाराज में पांच स्थानों पर हुआ होलिका दहन, लोगों में दिखा उल्लास....

सरवानिया महाराज - नगर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली पर्व श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात नगर के पांच प्रमुख स्थानों पर होलिका दहन का आयोजन किया गया। होलिका दहन हरिया भेरू चौक, घास भैरव मंदिर के पास, शिवनगर स्थित जल महल के समीप, कालेश्वरी माताजी मंदिर के पास स्थित होली थड़ा तथा रावला चौक पर संपन्न हुआ। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। महिलाओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामनाएं कीं, वहीं बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नगर की सबसे बड़ी होलिका हरिया भेरू चौक पर प्रज्वलित की गई। यहां होलिका को गोबर के बडोलियों से विशेष रूप से सजाया गया था, जो आकर्षण का केंद्र रही। लोगों ने होलिका की परिक्रमा कर परिवार की खुशहाली एवं नगर की उन्नति की कामना की। परंपरा के अनुसार गेहूं की बालियां अग्नि में सेंककर अच्छी फसल और समृद्धि की प्रार्थना की गई तथा एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गईं। होलिका दहन के पश्चात परंपरा अनुसार होली का डंडा देव तलाई एवं गमू तलाई में विधिवत विसर्जित किया गया। इस दौरान भी लोगों की उपस्थिति रही और मंगलकामनाओं के साथ धार्मिक रीति निभाई गई। त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। अधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। नगर परिषद की फायर ब्रिगेड एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी भी एहतियातन मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्वक संपन्न हो सका। होलिका दहन के साथ ही रंगों के पर्व होली को लेकर नगर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और नागरिक धुलेंडी की तैयारियों में जुट गए हैं।

Top