सरवानिया महाराज - नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत विशेष टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है तथा आमजन को इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण किया जा रहा है, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाएं अस्पताल पहुंचकर टीका लगवा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार लोगों को जागरूक करते हुए इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा देशभर में एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सरवानिया महाराज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी पिछले तीन दिनों से यह टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमे अभी तक 25 बलिकाओ को टिका लग चुका है, उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लगाई जा रही है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाकर इससे काफी हद तक बचाव संभव है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार टीकाकरण के साथ-साथ लोगों को इसके महत्व के बारे में भी जागरूक कर रही है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस अभियान का लाभ ले सकें। डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में यह टीका निशुल्क लगाया जा रहा है, जो भविष्य में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक होगा, तथा यह टिका पूरी तरह से सुरक्षित है इसका किसी भी प्रकार से कोई साइड इफेक्ट्स जैसी कोई संभावना नही है अत सभी आम जन से अपील है कि 15 वर्ष तक की सभी बलिकाओ को उक्त टिका लगवा कर भविष्य में आने वाले खतरे को कम किया जा सकता हैं।