जीरन - सरकार जहां आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से नौनिहालों के बेहतर भविष्य और पोषण की व्यवस्था करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही बच्चों की सुरक्षा पर भारी पड़ती नजर आ रही है। नगर परिषद कार्यालय के ठीक पीछे स्थित पानी की टंकी पर इस समय लगभग 13 बड़े मधुमक्खियों के छत्ते लगे हुए हैं, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। बुधवार को वार्ड क्रमांक 14 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब पास की टंकी से मधुमक्खियों का झुंड अचानक नीचे आ गया और खेल रहे बच्चों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बच्चे घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। स्थिति को भांपते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आंगनवाड़ी का दरवाजा बंद कर दिया, जिससे कई बच्चों को मधुमक्खियों के हमले से बचाया जा सका। फिर भी इस घटना में कुछ बच्चों को मधुमक्खियों ने काट लिया, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है। घटना के बाद अभिभावकों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा इस गंभीर समस्या को लेकर नगर परिषद जीरन को पहले ही लिखित आवेदन देकर मधुमक्खियों के छत्ते हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते छत्तों को हटवा दिया जाता तो बच्चों पर हमला होने की नौबत ही नहीं आती।