logo

डीकैन में दिखी सामाजिक समरसता: जैन और माहेश्वरी समाज ने मिलकर निकाली भव्य 'संयुक्त गेर'

डीकैन - ( संजय जैन) नगर में वर्षों से चली आ रही आपसी भाईचारे और एकता की परंपरा इस वर्ष भी होली के उल्लास में घुली नजर आई। यहाँ जैन और माहेश्वरी समाज द्वारा होली पर्व के उपलक्ष्य में 'रंग तेरस' के अवसर पर एक भव्य संयुक्त गेर निकाली गई। ढोल-धमाकों के साथ गूंजा नगर रंगों के इस उत्सव में समाज के युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बनता था। ढोल-ताशों की थाप पर थिरकते समाजजनों ने नगर के प्रमुख मार्गों से अपनी यात्रा शुरू की। यह गेर हनुमान चौक से प्रारंभ होकर होली चौक, सदर बाजार, बस स्टैंड रोड और मस्तान पुरा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से गुजरी। पूरे मार्ग में गुलाल और रंगों की बौछार से वातावरण पूरी तरह से रंगीन हो गया। घर-घर जाकर दी पर्व की बधाई इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि गेर केवल मुख्य मार्गों तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाज के सभी परिवारों के द्वार तक पहुँची। गेर के दौरान एक-दूसरे के घर जाकर बड़ों का आशीर्वाद लिया गया और रंगों के साथ होली की शुभकामनाएं दी गईं। एकता की अनूठी मिसाल डीकैन की यह विशेषता रही है कि यहाँ जैन और माहेश्वरी समाज सभी त्यौहारों को एक साथ मिलकर मनाते हैं। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से न केवल आपसी प्रेम बढ़ता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और एकता के महत्व की सीख मिलती है।

Top