सरवानिया महाराज - नगर परिषद की महत्वपूर्ण बैठक 23 मार्च को आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में नगर के अधूरे पड़े निर्माण कार्य, विकास योजनाएं और विवादित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। परिषद द्वारा 16 मार्च को एजेंडा जारी कर पार्षदों को सूचना दी जा चुकी है, जिसके बाद से ही नगर में बैठक को लेकर हलचल तेज हो गई है। "हाट बाजार प्रस्ताव बना विवाद की वजह" - बैठक से पहले ही परिषद का एक प्रस्ताव विवादों में आ गया है। मोटा खरा क्षेत्र में पार्किंग के लिए आरक्षित भूमि पर हाट बाजार (हाट मैदान) बनाने के प्रस्ताव का वार्डवासियों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही पार्किंग की समस्या बनी हुई है, ऐसे में इस जमीन का उपयोग अन्य कार्य के लिए करना जनहित के खिलाफ होगा। "अधूरे निर्माण कार्यों पर उठेंगे सवाल" -नगर के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने विकास कार्यों की धीमी गति और अधूरे निर्माणों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कई कार्य शुरू तो हुए, लेकिन समय पर पूरे नहीं किए गए, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन मुद्दों को बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा। "पुरानी पंचायत भूमि और भूखंड आवंटन पर होगी चर्चा" -नगर परिषद द्वारा मार्च 2024 में पुरानी पंचायत भवन को तोड़कर उसकी जगह व्यवसायिक भूखंड आवंटित किए गए थे। इन भूखंडों के पट्टानामा अनुबंध और 2% वार्षिक किराया जमा करने का मुद्दा भी बैठक में चर्चा का विषय रहेगा। "लंबित कार्यों को पूरा कराने के संकेत" -प्रभारी सीएमओ ने संकेत दिए हैं कि नगर में लंबित पड़े कुछ महत्वपूर्ण कार्यों को बैठक में स्वीकृति देकर शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। इससे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। "खुली जमीन बचाने की उठी मांग" -नगरवासियों ने परिषद से मांग की है कि नगर की खेल मैदान व पार्किंग की जमीन को सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में जनहित के कार्यों के लिए उसका उपयोग किया जा सके। लोगों का कहना है कि हाट बाजार या अन्य निर्माण कार्य उन स्थानों पर किए जाएं, जो वर्तमान में खाली या अनुपयोगी हैं, न कि आरक्षित या उपयोग में आने वाली भूमि पर। "अब बैठक पर टिकी निगाहें" -पूरे नगर की नजरें अब 23 मार्च को होने वाली इस बैठक पर टिकी हुई हैं। देखना होगा कि नगर परिषद विकास कार्यों को लेकर क्या ठोस निर्णय लेती है और विवादित प्रस्तावों पर क्या रुख अपनाया जाता है।