सरवानिया महाराज - नगर के वार्ड क्रमांक 06 स्थित मोटा खरा क्षेत्र में प्रस्तावित हाट बाजार निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। सोमवार को नगरवासियों ने एकजुट होकर इस प्रस्ताव के खिलाफ मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा और जनभावना के अनुरूप निर्णय वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में नागरिकों एवं किसानों ने बताया कि मोटा खरा क्षेत्र की भूमि का उपयोग पूर्व में खलियान के रूप में किया जाता था। नगर परिषद गठन के बाद किसानों ने सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए स्वेच्छा से यह भूमि खाली कर दी, जिसके बाद यहां डोम का निर्माण किया गया। वर्तमान में डोम के सामने एवं आसपास का क्षेत्र धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोग में लिया जा रहा है। नगरवासियों का कहना है कि बड़े आयोजनों के दौरान यही स्थान वाहनों की पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होता है, जिससे आमजन को सुविधा मिलती है। यदि यहां हाट बाजार का निर्माण किया जाता है, तो उपलब्ध खुली भूमि कम हो जाएगी, जिससे भविष्य में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में बाधाएं उत्पन्न होंगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित निर्माण से आमजन को असुविधा होगी और सार्वजनिक उपयोग का यह महत्वपूर्ण स्थान प्रभावित होगा। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए हाट बाजार निर्माण के प्रस्ताव को निरस्त किया जाए तथा भूमि को सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाए। ज्ञापन में बड़ी संख्या में नागरिकों के हस्ताक्षर शामिल हैं, जो इस प्रस्ताव के प्रति व्यापक जनविरोध को दर्शाते हैं। इस संबंध में प्रभारी सीएमओ राकेश चौहान ने बताया कि फिलहाल भूमि बेची नहीं जा रही है। यह कार्य स्थानीय विधायक द्वारा स्वीकृत किया गया है। नगरवासियों द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है, जिस पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।