सरवानिया महाराज - जावद महिला एवं बाल विकास परियोजना अंतर्गत सरवानिया महाराज क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों में सोमवार को सामूहिक विद्यारंभ प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के पंजीकृत बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके शैक्षणिक जीवन की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पत्रकार बबलू माली, सांवरिया बैंड संचालक राजेश दमामी एवं पूनम पाल (पेंटर) उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि बबलू माली ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित यह योजना बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि विद्यारंभ प्रमाण-पत्र के माध्यम से बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा से औपचारिक विद्यालयी शिक्षा की ओर सहज रूप से प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी, बल्कि अभिभावकों में भी शाला पूर्व शिक्षा को लेकर जागरूकता आएगी। आंगनवाड़ी केंद्रों को प्रारंभिक शिक्षा का मजबूत आधार बनाने में ऐसे कार्यक्रम अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुमन दमामी मिनी कं.02, ममता मेघवाल कं.04, गीता पाल कं.06, दुर्गा मेघवाल मिनी क. 01, मेना पाल कं.02, पवन राठौर कं.01, चंदनबाला जैन कं.05, नसीम बानू कं.03 सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।