logo

उज्जैन बनेगा जैन पत्रकारिता का तीर्थ 29 मार्च को ऐतिहासिक अवार्ड समारोह

डीकैन - (संजय जैन) धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की त्रिवेणी अविंतका पार्श्वनाथ की नगरी उज्जैन एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार जैन पत्रकार परिषद के तत्वावधान में 'जैन पत्रकार अवार्ड समारोह' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह गरिमामयी समारोह रविवार, 29 मार्च 2026 को उज्जैन स्थित झालरिया मठ में सम्पन्न होगा। आध्यात्मिक सान्निध्य में होगा आयोजन इस ऐतिहासिक समारोह को आध्यात्मिक दिव्यता प्रदान करने के लिए मालव गुरु नवरत्न कृपापात्र आचार्य देव श्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वरजी महाराज का पावन सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम में अनेक साधु-साध्वी भगवंतों की उपस्थिति भी इसे अत्यंत मंगलमय और यादगार बनाएगी। समर्पण — जिन शासन के प्रचारकों को यह समारोह उन जैन पत्रकारों को समर्पित है जो जैन धर्म के मूल्यों और 'जिन शासन' के प्रचार-प्रसार में निरंतर और उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके परिश्रम, समर्पण और योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना इस आयोजन का मूल उद्देश्य है। प्रदेश संयोजक एवं आयोजन प्रमुख दीपक दुग्गड़ (इंदौर) ने बताया कि — "इस समारोह का उद्देश्य केवल पुरस्कार वितरण नहीं है, बल्कि यह उन पत्रकार बंधुओं का अभिनंदन है जो समाज की आवाज़ बनकर जैन संस्कृति की ज्योत को जीवित रखे हुए हैं। इससे सकारात्मक और रचनात्मक पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी।" प्रदेश भर में तैयारियां जोरों पर कार्यक्रम को लेकर सम्पूर्ण मध्य प्रदेश के जैन पत्रकारों में असाधारण उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश मीडिया सचिव प्रवीण जैन (दसाई) और प्रदेश संयोजक दीपक दुग्गड़ विभिन्न शहरों और ग्रामों का भ्रमण कर समाज के प्रबुद्धजनों को इस आयोजन में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। इस भव्य आयोजन के मुख्य लाभार्थी अहमदाबाद के शाह बाबूलाल धनराजजी डोडिया गांधी परिवार हैं, जिनका योगदान इस ऐतिहासिक पल को संभव बनाने में सराहनीय रहा है। एक ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें आयोजकों ने प्रदेश भर के जैन पत्रकारों, समाजसेवियों और प्रबुद्धजनों से विनम्र अपील की है कि वे 29 मार्च को उज्जैन पहुँचकर इस अभूतपूर्व आयोजन में सहभागी बनें और मध्य प्रदेश के पत्रकारिता इतिहास के इस स्वर्णिम अध्याय के साक्षी बनें। ???? स्थान: झालरिया मठ, उज्जैन, मध्य प्रदेश ???? दिनांक: रविवार, 29 मार्च 2026 ???? आयोजक: जैन पत्रकार परिषद, मध्य प्रदेश

Top