सरवानिया महाराज - नगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय में बुधवार को प्रवेश उत्सव 2026-27 कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मंत्री शिवम पुरोहित, मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, मंडल उपाध्यक्ष भूपेश देवड़ा, पार्षद प्रतिनिधि नाहर सिंह कानावत, संकुल प्राचार्य रामकरण मीणा तथा विद्यालय प्राचार्या श्रीमती स्मिता शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रवेश उत्सव के दौरान मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्राप्त नि: शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण छात्राओं को किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें नए शैक्षणिक सत्र में मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रवेश लेने तथा विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथियों ने कहा कि पहले आओ - पहले पाओ के तहत विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश लेकर शिक्षा से जुड़ना चाहिए, ताकि वे शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी ने उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने प्रवेश उत्सव को नए सत्र की सकारात्मक शुरुआत बताते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक आयोजन बताया।