logo

रामपुरा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 3 दिन पहले दी गई थी चेतावनी

रामपुरा - (मुकेश राठौर) नगर परिषद द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आज व्यापक बुलडोजर अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पूर्व में जारी किए गए नोटिस के बाद की गई है, जिसमें गुमटी संचालकों को अपनी घुमटियां हटाने के लिए 3 दिन का समय दिया गया था। नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा दिनांक 29 अप्रैल 2026 को कलेक्टर शहरी विकास के पत्र क्रमांक 1915 (दिनांक 13 दिसंबर 2025) एवं सड़क सुरक्षा बैठक (13 नवंबर 2025) का हवाला देते हुए नीमच-गांधी सागर रोड पर गुमटी लगाकर व्यवसाय करने वालों को नोटिस जारी किया गया था। आज नगर परिषद अमले ने खिलावाला दरवाजा से लेकर पुराना बस स्टैंड होते हुए जल संसाधन विभाग कार्यालय तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। सड़क मार्ग पर बाधा बन रहे ठेलों, गुमटियों और अन्य अवैध कब्जों को हटाकर रास्ता साफ किया गया। इस अभियान का नेतृत्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यवंशी के निर्देशन में किया गया। मौके पर राजस्व विभाग की टीम एवं नगर परिषद का पूरा अमला मौजूद रहा। नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।” इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यातायात बाधा हटाना, दुर्घटनाओं की संभावना कम करना और शहर की व्यवस्था को सुचारु बनाना बताया गया है।

Top