logo

विश्व पर्यावरण दिवस पर जीरन ने दिया हरियाली का संदेश, नगर परिषद ने किया भव्य वृक्षारोपण अभियान

जीरन - (मुकेश अहिरवार) विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर नगर परिषद जीरन द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर के प्रसिद्ध श्री बीस भुजा माताजी मंदिर के समीप स्थित पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नगर परिषद कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सगवारिया ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखता है। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे, भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, पार्षद प्रतिनिधि विकास सुथार, दिलीप भाणेज, राजेश लक्षकार, दक्षिण मंडल मंत्री उषा सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी विकास डावर सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी विकास डावर ने बताया कि नगर परिषद द्वारा केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहा जाएगा, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखरेख की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जीरन नगर को और अधिक हरा-भरा बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने "एक पेड़ मां के नाम" एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस वृक्षारोपण अभियान ने नगरवासियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में अपनी पहचान बनाई।

Top