रामपुरा - (मुकेश राठौर) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह 6 बजे सरस्वती शिशु मंदिर रामपुरा परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के अध्यापक वर्ग तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नंदलाल प्रजापति ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन जी सकता है। इस अवसर पर नीमच आरोग्य भारती से पधारी योग शिक्षिका श्रीमती टीना गर्ग गहलोत एवं प्राध्यापक डॉ. आशीष सोनी ने योग के महत्व एवं इसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और ऊर्जा का वातावरण बना रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया।