नीमच - 16 जुलाई 2026 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), नीमच की 60वीं छमाही बैठक सीटीसी, सीआरपीएफ, नीमच के चंद्रशेखर आजाद भवन में श्री प्रमोद कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस बैठक का आयोजन भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के आदेशानुसार, नराकास के सदस्य कार्यालयों/संस्थानों में राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग की स्थिति की समीक्षा करने तथा राजभाषा नियमों/अधिनियमों की ओर कार्यालय प्रमुखों का ध्यान आकृष्ट करने के लिए किया गया। इस बैठक में सीआरपीएफ परिसर में स्थित बल के सभी संस्थानों सहित, नीमच नगर में स्थित 34 केंद्रीय सरकार के कार्यालयों/बैंकों/सार्वजनिक उपक्रमों के प्रमुख एवं राजभाषा हिंदी से जुड़े प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। नराकास नीमच के सचिव श्री के. सुंदरेसन ने 01 अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक की छमाही अवधि के दौरान विभिन्न सदस्य कार्यालयों द्वारा राजभाषा हिंदी में किए गए कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत की। नराकास अध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार सिंह ने समीक्षा अनुसार, कुछ कार्यालयों की राजभाषा कार्यान्वयन की कमियों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट किया तथा इस क्षेत्र में किए गए अच्छे कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने राजभाषा विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए जारी वार्षिक कार्यक्रम में निधारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरे मनोयोग के साथ सार्थक प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी न केवल हमारी राजभाषा है, अपितु एक वैज्ञानिक भाषा भी और इसलिए हमें हिंदी में कामकाज करने में गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। जिस दिन सभी हिंदी में कार्य करने का दृढ संकल्प ले लेंगे, तो फिर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने में हमें कोई परेशानी नहीं होगी। इसलिए तकनीकी प्रकृति के कार्यों की विवशता के सिवाय, सभी सदस्य कार्यालय अपना सम्पूर्ण सरकारी कामकाज सरल एवं आम बोल-चाल की हिंदी में करें। बैठक में नराकास अध्यक्ष एवं उप महानिरीक्षक श्री प्रमोद कुमार सिंह, ग्रुप केंद्र नीमच के कमांडेंट श्री प्रमोद कुमार साहू, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो नीमच के उपायुक्त निखिल कूमर गांधी संयुक्त अस्पताल नीमच के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ संसृति शर्मा, प्रथम बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी श्री अमर सिंह चौहान, सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। अध्यक्ष महोदय ने सभी कार्यालय प्रमुखों तथा हिंदी सेवी कार्मिकों को बैठक में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद दिया। अंत में श्री आशीष भटनागर, उप कमांडेंट, सीटीसी, नीमच ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यालय प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।