नीमच - केंद्र सरकार की नाकामियों के कारण जिले में उत्पन्न हुई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के विरोध में कांग्रेस आज 14 मार्च को सरकार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया जाएगा । जिला कांग्रेस प्रवक्ता भगत वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने एक ओर जहां कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग की समय सीमा भी बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई है। सरकार की इस अदूरदर्शी नीति के कारण जिले के कई होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुँच गए हैं, जिससे वहां काम करने वाले मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वर्मा ने आगे कहा कि वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन होने के बावजूद गैस सिलेंडर न मिलने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे शादी विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सरकार की इन जनविरोधी नीतियों और आम आदमी की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कांग्रेसजनों द्वारा आज शनिवार, 14 मार्च को दोपहर 4:30 बजे विजय टॉकीज चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिला कांग्रेस ने आम जनता और कार्यकर्ताओं से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है ताकि सोई हुई सरकार को जगाया जा सके।