रामपुरा - (मुकेश राठौर) कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गाँधी के खिलाफ मनासा विधायक माधव मारू द्वारा थाने में आवेदन दिए जाने के विरोध में रामपुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस जनों ने मनासा विधायक के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए उनका पुतला दहन किया तथा जमकर नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधायक द्वारा किया गया यह कदम केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास है। जानकारी मिलते ही देर रात्रि कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए और तत्काल विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी अपने राष्ट्रीय नेता के खिलाफ की गई कार्रवाई का पुरजोर विरोध करती है और इस मामले में कांग्रेस आगे भी व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की राजनीतिक कार्रवाई जारी रही तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर हर मंच तक विरोध दर्ज कराएंगे। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, जनपद सदस्य मनीष पोरवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सागर कच्छावा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वरलाल मुजड़िया, नगर परिषद उपाध्यक्ष विजयराज सिंह चंद्रावत, युवा नेता अभिषेक यशवंत करेंल संदीप सोनी, संतोष रतनावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकजुटता और विरोध की ताकत का प्रदर्शन किया।