डीकैन - ( संजय जैन) विगत दिनांक 15 मई 2026, शुक्रवार को कर्जाड़ा पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम झोपड़िया के अंदर एक बाड़े में अचानक भीषण आग लग गई। आग दोपहर लगभग 1:30 बजे रतन लाल पिता बरदीचन्द जी धाकड़ के बाड़े में रखी कड़प (सूखा चारा/सुकला) और चावल की कुटी में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में करीब दो ट्रॉली कड़प जलकर खाक हो गई। पड़ोसी के बाड़े तक पहुँची आग, ट्रेक्टर-ट्रॉली को नुकसान आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने पास ही स्थित मेघप्रकाश पिता मेदराज जी धाकड़ के बाड़े को भी अपनी चपेट में ले लिया। यहाँ खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायर, सुकला और सिंचाई के पाइप आदि जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा घटना की तुरंत सूचना पुलिस चौकी डीकैन को दी गई। सूचना मिलते ही नगर परिषद डीकैन की फायर ब्रिगेड मय चालक बगदीराम माली और सहायक जमनालाल मेघवाल के साथ तुरंत मौके पर पहुँची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनासा से भी फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के स्टाफ, सजग ग्रामीणों और उपस्थित प्रत्यक्षदर्शियों (मनोज, खुशबू, सूरज, जोयिटभ, लाभचन्द, प्रहलाद और बाबूलाल) की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।