logo

लोकतंत्र सेनानी वेणीराम पाटीदार को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी अंतिम विदाई

नीमच - ( सिटी रिपोर्टर) आपातकाल के दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसाबंदी एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता वेणीराम पाटीदार का निधन हो गया। रविवार को उनके अंतिम संस्कार के दौरान शासन के निर्देशानुसार उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और समाजजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वेणीराम पिता शंकरलाल पाटीदार (79 वर्ष) की अंतिम यात्रा रविवार सुबह 10.00 बजे उनके मेहनोत नगर स्थित निज निवास से निकाली गई। शवयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड स्थित मुक्तिधाम पहुंची, जहां प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस जवानों ने सम्मान स्वरूप सलामी दी और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से लोकतंत्र सेनानी को अंतिम विदाई दी। आपातकाल में जेल में बिताया था संघर्षपूर्ण समय वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने वालों में वेणीराम पाटीदार भी शामिल थे। मीसा कानून के तहत उन्हें बंदी बनाकर जेल भेजा गया था। उस कठिन दौर में उन्होंने विचारों की लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष किया जिसकी रक्षा के लिए संघर्ष किया उसी के चलते उन्हें लोकतंत्र सेनानी के रूप में सम्मान मिला। शवयात्रा में शामिल हुए जनप्रतिनिधि व अधिकारी- अंतिम यात्रा में विधायक दिलीपसिंह परिहार, एसडीएम पराग जैन, थाना प्रभारी विजय सागवारिया, पटवारी घनश्याम पांडे सहित प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पाटीदार समाज सहित अन्य समाजजन के लोग बड़ी संख्या मे शामिल हुए। सभी ने वेणीराम जी पाटीदार के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया। समाज और संगठन में रही सक्रिय भूमिका- वेणीराम पाटीदार लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया। आपातकाल के दौरान किए गए उनके संघर्ष को हमेशा लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए प्रयासों के रूप में याद किया जाएगा। वेणीराम जी पाटीदार के निधन से समूचे अंचल में शोक की लहर छा गई, उपस्थित समाज जनों ने बेणीराम जी पाटीदार के निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा को प्रभु चरणों में स्थान देने के लिए कामना की तथा परिवार पर हुए इस वज्रपात को सहन करने के लिए शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से विनती की।

Top