logo

30 ग्राम सोना, 5 किलो 500 ग्राम चांदी और 7 हजार रुपए की चोरी का आरोपी राजगढ से गिरफ्तार, नीमच पुलिस की महती सफलता।

नीमच: पुलिस ने टीचर कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी राधेश्याम तंवर को मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किया हुआ 30 ग्राम सोना, 5 किलो 500 ग्राम चांदी और 7 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को उसकी चप्पल से ढूंढ निकाला। यह घटना 15 मार्च 2025 को हुई थी, जब फरियादी रजनीश सोनी की मां मंदिर गई थीं और लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ पाया था।

सीसीटीवी वीडियो से मिला क्लू.................

पुलिस को चोर को ढूंढने में काफी मुश्किल हो रही थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को फिर से देखना शुरू किया। फुटेज में पुलिस को आरोपी की चप्पल कुछ अलग तरह की दिखी। पता चला कि इस तरह की चप्पल कुछ विशेष जगह पर ही बनती है। इस चप्पल से पुलिस को एक अहम सुराग मिला। इस सुराग के जरिए पुलिस मध्यप्रदेश के राजगढ़ पहुंची। वहां तलाश करने के बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

चप्पल से मिला क्लू.................

सूत्रों से यह जानकारी मिली कि पुलिस चप्पल के सहारे ही आरोपी तक पहुंची है। इस बारे में एसपी अंकित जायसवाल से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि चप्पल चोर को पकड़ने में एक अहम कड़ी जरूर बनी है। हालांकि उन्होंने इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस के काम करने के तरीकों को जानने के बाद चोर सतर्क हो जाते हैं।

दिन में हुई थी चोरी......................

घटना के बारे में रजनीश सोनी ने बताया कि 15 मार्च 2025 को वे अपनी दुकान पर गए थे। उनकी मां दोपहर 3 बजे मंदिर गईं। जब वे शाम 6 बजे लौटीं तो घर का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। उन्होंने तुरंत अपने बेटे को सूचना दी।

राजगढ़ से आरोपी गिरफ्तार........................

पुलिस ने राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा निवासी 50 साल के राधेश्याम तंवर को गिरफ्तार किया। आरोपी ने चोरी की बात मान ली है। उसके पास से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल लोहे का सरिया बरामद किया गया है। आरोपी राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

एसपी अंकित जायसवाल ने पुलिस टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों में सुरक्षा के इंतजाम करें ताकि चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।

Top