नीमच। शहर की सड़कों पर नाबालिग बच्चों द्वारा फर्राटा भरना अब उनके माता-पिता के लिए भारी पड़ने वाला है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में नीमच यातायात पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए नाबालिग वाहन चालकों के साथ-साथ उनके अभिभावकों पर भी कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
अभिभावकों पर दर्ज होगा केस
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनके स्पष्ट आदेश हैं कि यदि कोई भी नाबालिग बच्चा वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो न केवल वाहन जब्त होगा, बल्कि उसके माता-पिता के विरुद्ध भी प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इसी कड़ी में आज यातायात पुलिस ने एक नाबालिग को वाहन चलाते हुए पकड़ा।थाने बुलाकर दी गई समझाइश और हुई कार्रवाई
यातायात थाना प्रभारी सूबेदार सोनू बड़गूजर और उनकी टीम ने अभियान के दौरान पकड़े गए नाबालिग के माता-पिता को थाने तलब किया। पुलिस ने उन्हें यातायात नियमों और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर समझाइश दी। पुलिस ने संबंधित अभिभावकों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्यवाही हेतु प्रकरण तैयार कर लिया है जिसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस की अपील: सुरक्षित रखें बच्चों का भविष्य
जिला पुलिस बल नीमच ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने हेतु न दें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाना है।