logo

गणतंत्र दिवस पर संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर सम्मानित, पावर हाउस नंबर–3 को मिला सर्वश्रेष्ठ ताप विद्युत गृह पुरस्कार

नौरोजाबाद- उमरिया जिले में स्थित संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर (SGTPS) को उसके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर पुरस्कृत किया गया। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) द्वारा 24 जनवरी को ताप एवं जल विद्युत गृहों के लिए वार्षिक सर्वश्रेष्ठ विद्युत गृह पुरस्कारों की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर एमपीपीजीसीएल के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह द्वारा संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर के 500 मेगावाट क्षमता वाले पावर हाउस नंबर–3 को सर्वश्रेष्ठ ताप विद्युत गृह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार विद्युत गृह को कुशल संचालन, समयबद्ध अनुरक्षण तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार स्वरूप पावर हाउस नंबर–3 को स्थायी शील्ड के साथ 5 लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, पुरस्कार के रूप में दी जाने वाली नगद राशि का उपयोग विद्युत गृह परिसर में सामुदायिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, कर्मचारी कल्याण एवं विकासात्मक कार्यों में किया जाएगा। इससे संयंत्र तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में सकारात्मक सामाजिक प्रभाव सुनिश्चित हो सकेगा। यह सम्मान विद्युत गृह में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में और बेहतर तकनीकी दक्षता व कार्य निष्पादन की दिशा में प्रोत्साहित करेगा।

Top