सरवानिया महाराज - सोमवार को नगर परिषद की साधारण सम्मेलन बैठक आयोजित हुई, जिसमें नगर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। नगर अध्यक्ष की उपस्थिति में पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। बैठक की शुरुआत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लगभग 21 करोड़ रुपये के आय-व्यय बजट पर चर्चा से हुई, जिसे परिषद द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 01 में पुराने डोम के पास चार कक्ष एवं भोजनशाला निर्माण को मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। वार्ड क्रमांक 06 के मोटा खरा क्षेत्र में हाट बाजार निर्माण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही नगर में गौ-आहार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वाहन संचालन का प्रस्ताव भी पारित किया गया। नगर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित नाली निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई, जिससे जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा। वहीं पावर ग्रिड उन्नयन हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने पर भी सहमति बनी, जो आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में वार्ड क्रमांक 06 स्थित डोम पर अतिरिक्त कक्ष निर्माण, नगर में देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान चयन, तथा भादवी बीज मेला 2026 की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। मेला आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए गए। इसके अलावा विभिन्न नामांतरण प्रकरणों को भी मंजूरी दी गई। हालांकि बैठक के दौरान कुछ मुद्दों पर मतभेद भी सामने आए। वार्ड क्रमांक 01 के कांग्रेस पार्षद ने एजेंडे पर हस्ताक्षर नहीं किए, जबकि वार्ड क्रमांक 06 की पार्षद ने मोटा खरा में प्रस्तावित हाट बाजार का विरोध जताया। वहीं बैठक की कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों को प्रवेश नहीं दिए जाने का मामला भी सामने आया, जिससे परिषद की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।