logo

पालसोड़ा के आसपास क्षेत्रों में तेज बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, किसानों के माथे पर चिंता की लकीरे

नीमच - आज दोपहर क्षेत्र में अचानक बदले मौसम के चलते तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। बेमौसम बारिश और ओलों की मार से खेतों में खड़ी लंबी तने वाली फसलें जमीन पर गिर गईं, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों ने बताया कि जहां फसल आड़ी पड़ी है, वहां नुकसान सबसे अधिक होगा। पालसोड़ा क्षेत्र के भँवरासा एवं आसपास के इलाकों में ओलों की सफेद चादर बिछी नजर आई। बेमौसम बारिश से रबी सीजन की फसलों पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। खास कर अफ़ीम, लहसुन, प्याज, अलसी, मसूर और गेहूं की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। कई स्थानों पर खेतों में खड़ी गेहूं, चना और अफीम की फसल पूरी तरह आड़ी हो गई, वहीं कटी हुई सरसों की फसल में नमी आ जाने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। अचानक आई इस आपदा से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन इतनी तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को बड़ा झटका लगा है। किसानों का कहना है कि अफीम की फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Top