नौरोजाबाद - जिले के नोरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम रहठा में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने सर्राफा कारोबारी की दुकान से जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना मंगलवार की शाम करीब 6.30 बजे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार पीड़ित सराफा कारोबारी कौशल साहू, निवासी बेलगांव, जिला डिंडौरी है, जो लगभग 30 किलोमीटर दूर से आकर रहठा में स्वर्गीय नरोत्तम काछी की दुकान में सर्राफा व्यवसाय करता है। मंगलवार को रहठा में साप्ताहिक बाजार होने के कारण इलाके में भारी भीड़भाड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।बताया जा रहा है कि कौशल साहू दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। उसी दौरान एक महिला ग्राहक दुकान पर आई,vजिससे वह कारोबार से जुड़ी बातचीत करने लगा। इसी बीच बदमाश ने मौके का फायदा उठाया और जेवरात से भरा बैग उठाकर चुपचाप रफूचक्कर हो गया। जब तक कारोबारी को घटना का अहसास हुआ, तब तक बदमाश भीड़ में गायब हो चुका था।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित सर्राफा कारोबारी ने तत्काल नौरोजाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मे फरियादी ने 6 लाख 83 हजार के सोने चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत की गई, पुलिस इस अतिसंवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ में जुट गई है।