logo

महिला एवं बाल विकास परियोजना की बैठक का आयोजन

जीरन - आज दिनांक 26 फरवरी को जनपद पंचायत नीमच सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास परियोजना, नीमच ग्रामीण द्वारा बाल विवाह रोकथाम हेतु संचालित 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यशाला सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत नीमच की महिला बाल विकास समिति के सभापति श्री रतनलाल मालावत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला दो पारियों में आयोजित की गई — प्रथम पारी प्रातः 11:00 बजे से 2:00 बजे तक एवं द्वितीय पारी दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक। कार्यशाला को संबोधित करते हुए परियोजना अधिकारी श्री अंसारी ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका अथवा 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह करना या कराना कानूनन अपराध है। बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इससे— • बालिकाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, समयपूर्व गर्भधारण से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर बढ़ती है। • शिक्षा बाधित हो जाती है जिससे बालिकाओं का भविष्य प्रभावित होता है। • आर्थिक निर्भरता और घरेलू हिंसा की संभावना बढ़ती है। • कुपोषण एवं सामाजिक असमानता की समस्या गहराती है। कार्यशाला में लाड़ली बालिकाओं का समग्र सत्यापन, आभा आईडी, अपार आईडी, पोषण ट्रैकर, आंगनवाड़ी केंद्र संचालन, अभिलेख संधारण आदि विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें सुधार हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। विशेष अतिथि श्री रतनलाल मालावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुँचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन निर्धारित समयानुसार किया जाए तथा समस्त अभिलेख सुव्यवस्थित रूप से संधारित किए जाएँ। कार्यशाला में सुपरवाइजर सपना बैरागी, सारिका केदार, नाजिमा बी, उमा शर्मा, वंदना गुर्जेला, रिहाना खान, पिंकी भाटिया एवं इंदु सोनी द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन एवं समीक्षा प्रदान की गई। ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर श्री पंकज राठौर द्वारा प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए समय पर ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने हेतु प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह उन्मूलन के साथ-साथ विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में समन्वित प्रयासों को सुदृढ़ करना रहा।

Top