डीकैन - (संजय जैन) 3 मार्च 2026 मिलावटखोरों के विरुद्ध प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को रतनगढ़ और मोरवन में औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान 5 व्यापारिक संस्थानों से कुल 19 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। रतनगढ़ में चार फर्मों पर जांच और नोटिस खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजु श्रीवास्तव व श्री यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि रतनगढ़ में निम्नलिखित संस्थानों पर कार्रवाई की गई: श्री चारभुजा दूध डेयरी: यहाँ से मिश्रित दूध और घी के नमूने लिए गए। महादेव स्वीट्स: मावा बर्फी, मिल्क केक, मोतीचूर लड्डू और गुलाब जामुन सहित 4 नमूने लिए गए। बालाजी टी स्टाल: सेव नमकीन, फलाहारी चिवड़ा, सेव गठिया और चरकी बूंदी के 4 नमूने लिए गए। होटल साईं पैलेस एंड रेस्टोरेंट: पनीर, बासमती चावल, तुवर दाल, राजमा और बेसन के 5 नमूने जांच हेतु लिए गए। विशेष नोट: इन चारों फर्मों पर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट न होने और अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है। मोरवन में भी चला जांच का डंडा- टीम ने मोरवन स्थित नवकार किराना स्टोर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया, जहाँ से विभिन्न दालों के 4 नमूने लिए गए। आगामी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी एवं श्री यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि सभी 19 नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध 'खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम' के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।