नौरोजाबाद/ उमरिया - (रिपोर्टर-हुकुम सिंह) कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरिया में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान कंचन यादव के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार कंचन यादव का विवाह वर्ष 2021 में सेमरिया गांव में हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कंचन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि दहेज और घरेलू विवाद को लेकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। इस संबंध में पूर्व में नौरोजाबाद थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन उसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।मृतिका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कंचन की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है और परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी बिंदुओं पर पड़ताल शुरू कर दी गई है।