logo

SECL जोहिला क्षेत्र में AITUC का लगातार बढ़ता जनाधार, 100 से अधिक कामगारों ने HMS, BMS और INTUC छोड़कर थामा AITUC का दामन

नौरोजाबाद/उमरिया - SECL जोहिला क्षेत्र में मजदूर एकता, श्रमिक सम्मान और संगठनात्मक मजबूती का एक ऐतिहासिक अध्याय आज उस समय देखने को मिला जब क्षेत्रीय कार्यालय AITUC जोहिला क्षेत्र, नौरोजाबाद में आयोजित संगठन विस्तार एवं सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक कर्मचारियों ने HMS, BMS एवं INTUC जैसे अन्य श्रमिक संगठनों को छोड़कर AITUC यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। श्रमिकों का यह अभूतपूर्व जुड़ाव SECL AITUC के महासचिव कामरेड अजय विश्वकर्मा के संघर्षशील नेतृत्व और जोहिला क्षेत्र के क्षेत्रीय सचिव कामरेड अशोक पांडे की सक्रिय कार्यशैली एवं लगातार मजदूर हितों के लिए किए जा रहे आंदोलनों और प्रयासों पर बढ़ते विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय परिसर पूरी तरह लाल झंडों, मजदूर एकता के नारों और जोशीले वातावरण से गूंज उठा। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रमिकों, यूनिट प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि SECL जोहिला क्षेत्र में AITUC का जनाधार लगातार तेजी से बढ़ रहा है तथा मजदूर वर्ग अब संघर्षशील एवं परिणाम देने वाले संगठन के साथ मजबूती से खड़ा हो रहा है। कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व AITUC श्रम संघ जोहिला क्षेत्र के क्षेत्रीय सचिव कामरेड अशोक पांडे द्वारा किया गया। उन्होंने संगठन से जुड़े सभी नए साथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए SECL AITUC के महासचिव कामरेड अजय विश्वकर्मा के हाथों सभी नए सदस्यों को AITUC का लाल झंडा भेंट कर माला, शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित किया। स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित श्रमिकों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिली। अपने संबोधन में कामरेड अशोक पांडे ने कहा कि AITUC हमेशा मजदूरों के हक, सम्मान, सुरक्षा, न्याय एवं अधिकारों की लड़ाई पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ लड़ता आया है। उन्होंने कहा कि संगठन केवल वादों की राजनीति नहीं करता बल्कि हर स्तर पर मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करता है। उन्होंने संगठन से जुड़े नए साथियों को भरोसा दिलाया कि AITUC उनके हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ा रहेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SECL AITUC के महासचिव कामरेड अजय विश्वकर्मा ने कहा कि AITUC देश का सबसे पुराना, गौरवशाली और संघर्षशील श्रमिक संगठन है जिसने हमेशा मजदूर हितों को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं के समाधान, श्रमिक सम्मान, कार्यस्थल सुरक्षा, कर्मचारियों के अधिकार एवं संगठनात्मक मजबूती जैसे मुद्दों पर AITUC लगातार संघर्षरत है और आगे भी मजदूर हितों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ जारी रखेगा। कामरेड अजय विश्वकर्मा ने कहा कि आज बड़ी संख्या में श्रमिकों का AITUC परिवार में शामिल होना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि मजदूर वर्ग अब केवल खोखले आश्वासनों से संतुष्ट नहीं है, बल्कि वह ऐसे संगठन के साथ जुड़ना चाहता है जो जमीनी स्तर पर संघर्ष करता हो और मजदूरों की आवाज को मजबूती से उठाता हो। उन्होंने इसे मजदूर एकता की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि आने वाले समय में AITUC जोहिला क्षेत्र में और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली भूमिका में दिखाई देगा। उन्होंने सभी नए सदस्यों से संगठित होकर मजदूर हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत मजदूरों की एकता में निहित होती है और यही एकता भविष्य में श्रमिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करेगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय JCC सदस्य कामरेड मोहम्मद फजल, कामरेड राकेश सिंह बघेल, कामरेड आदिल, कामरेड देहरिया, कामरेड संतोष शर्मा, कामरेड ज्ञान सिंह, कामरेड विजय सूर्यवंशी, कामरेड अर्जुन सिंह सहित विभिन्न यूनिटों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में श्रमिक साथी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि AITUC ही वह संगठन है जिसने हर परिस्थिति में मजदूरों की आवाज को बुलंद किया है और आगे भी मजदूर हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा। कार्यक्रम के अंत में संगठन से जुड़े नए सदस्यों ने भी AITUC के प्रति अपना विश्वास व्यक्त करते हुए मजदूर एकता को और मजबूत करने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि कामरेड अजय विश्वकर्मा की उपस्थिति में एक ही दिन में 100 से अधिक कर्मचारियों द्वारा AITUC यूनियन की सदस्यता ग्रहण करना SECL जोहिला क्षेत्र में संगठन की बढ़ती ताकत, लोकप्रियता एवं श्रमिकों के बढ़ते विश्वास का बड़ा संकेत माना जा रहा है। श्रमिक जगत में इस कार्यक्रम को AITUC की बड़ी संगठनात्मक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जिससे निश्चित रूप से आने वाले समय में जोहिला क्षेत्र में संगठन और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली रूप में उभरकर सामने आएगा।

Top