logo

गंगा दशहरे पर श्रमदान से संवर गई श्रीपुरा की प्राचीन बावड़ी, रामपुरा नगर परिषद ने कलश यात्रा निकालकर दिया जल संरक्षण का संदेश, मुख्य नगर पालिका अधिकारी के.एल. सूर्यवंशी एवं सांसद प्रतिनिधि विजय दानगढ़ की अगुवाई में उमड़ा जनसैलाब

रामपुरा - (मुकेश राठौर) धार्मिक नगरी रामपुरा मे आज 25 मई 2026 को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर रामपुरा नगर परिषद द्वारा जल संरक्षण और जनजागरूकता का प्रेरणादायक आयोजन किया गया। नगर के श्रीपुरा स्थित प्राचीन बावड़ी परिसर में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित कर उसकी साफ-सफाई की गई, वहीं कलश यात्रा निकालकर नगरवासियों को जल संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के.एल. सूर्यवंशी एवं सांसद प्रतिनिधि विजय धनगढ़ के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। सभी ने श्रमदान करते हुए प्राचीन जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया। श्रमदान के दौरान किसी ने फावड़ा संभाला, तो किसी ने तसला उठाकर सफाई कार्य में भागीदारी निभाई। सामूहिक प्रयासों से श्रीपुरा की ऐतिहासिक बावड़ी को स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य किया गया। इस अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा ने पूरे नगर में जल बचाने और परंपरागत जल स्रोतों को सहेजने का संदेश पहुंचाया। जल संरक्षण के लिए समाज को जागरूक करने की पहल वक्ताओं ने कहा कि प्राचीन बावड़ियां और जल स्रोत हमारी सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ-साथ भविष्य की जल सुरक्षा का आधार भी हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। यह आयोजन केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि जल संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का एक सशक्त संदेश बनकर सामने आया। जब प्रशासन और समाज एक साथ कदम बढ़ाते हैं तो बदलाव की नई तस्वीर दिखाई देती है।

Top