रामपुरा - (मुकेश राठौर) रामपुरा स्थित चेना माता–कुशला माता मंदिर में समाज की सामान्य बैठक श्रद्धा, पारदर्शिता और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ माँ चेना माता एवं माँ कुशला माता की आरती के साथ किया गया। बैठक में मंदिर का आय-व्यय विवरण सभी समाजजनों के समक्ष पूर्ण पारदर्शिता के साथ प्रस्तुत किया गया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने अपनी सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विश्वास समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और पारदर्शिता उसी विश्वास की मजबूत नींव है। समाज का उद्देश्य केवल लेखा-जोखा प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि प्रत्येक समाजजन का विश्वास बनाए रखते हुए उन्हें समाज एवं मंदिर के कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना है। इसके बाद समाज एवं मंदिर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी समाजजनों की उपस्थिति में मंदिर का दानपात्र खोला गया, जिसमें कुल ₹3,541 की राशि प्राप्त हुई। बैठक में पिछली समिति के आय-व्यय एवं संबंधित दस्तावेजों के हस्तांतरण के विषय पर भी विचार-विमर्श हुआ। पूर्व अध्यक्ष महेश जी को पूर्व में पत्र के माध्यम से बैठक की सूचना दी गई थी। उन्होंने व्यक्तिगत शोक के कारण बैठक में उपस्थित होने में असमर्थता जताई। उनकी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से उन्हें आगामी एक माह के भीतर आय-व्यय का विवरण एवं संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय प्रदान किया। बैठक के समापन पर सभी उपस्थित समाजजनों ने प्रसादी स्वरूप भोजन ग्रहण किया। समाज के पदाधिकारियों ने बैठक में उपस्थित होकर अपने बहुमूल्य सुझाव एवं सहयोग प्रदान करने वाले सभी समाजजनों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एकता, पारदर्शिता और आपसी विश्वास के साथ समाज एवं मंदिर की निरंतर प्रगति के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।