डीकैन - (संजय जैन) स्थानीय क्षेत्र में विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों की घोर लापरवाही व उदासीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है। बिजली गुल होने और घरेलू कनेक्शन बंद होने जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारी केवल टालमटोल कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों का गैर-जिम्मेदाराना रवैया मिली जानकारी के अनुसार, डीकैन क्षेत्र के उपभोक्ता शंभुलाला पिता देविलाल का घरेलू विद्युत कनेक्शन पिछले चार-पांच दिनों से पूरी तरह बंद पड़ा है। कनेक्शन चालू करवाने के लिए जब उपभोक्ता द्वारा स्थानीय लाइनमैन से संपर्क किया जाता है, तो वे कभी "अभी समय नहीं है" तो कभी "सीढ़ी उपलब्ध नहीं है" कहकर बात को टाल देते हैं। हद तो तब हो गई जब इस बात की शिकायत संबंधित सुपरवाइजर से की गई, तो उनका जवाब बेहद गैर-जिम्मेदाराना था। सुपरवाइजर ने उल्टा उपभोक्ता से कहा— "क्या मैं खुद पोल पर चढ़कर लाइन सही करूं?" यह बयान विद्युत विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली और जनता के प्रति उनकी जवाबदेही पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। बरसात में जहरीले जानवरों का बढ़ा खतरा वर्तमान में लगातार हो रही बरसात के कारण डीकैन क्षेत्र में चारों तरफ नमी और पानी भरा हुआ है। ऐसे मौसम में जहरीले सांप और अन्य खतरनाक कीड़े-मकौड़े निकलने का चौबीसों घंटे भय बना रहता है। बिजली न होने के कारण घरों में अंधेरा रहता है, जिससे किसी भी समय कोई बड़ी अनहोनी या दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। हेल्प लाइन पर शिकायत के बाद भी नतीजा सिफर पीड़ित उपभोक्ता शंभुलाला द्वारा पिछले चार-पांच दिनों से लगातार विद्युत वितरण कंपनी की आधिकारिक हेल्प लाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई जा रही है, परंतु आज दिनांक तक एक भी कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना जरूरी नहीं समझा। बिजली कंपनी के कर्मचारियों द्वारा घरेलू कनेक्शन को चालू करने में लगातार आना-कानी की जा रही है। उपभोक्ताओं में आक्रोश एक तरफ सरकार और विभाग उपभोक्ताओं को त्वरित सेवाएं देने का दावा करते हैं, वहीं धरातल पर डीकैन के उपभोक्ता बिजली विभाग की इस मनमानी और शोषण का शिकार हो रहे हैं। समय पर बिजली आपूर्ति बहाल न होने से उपभोक्ताओं में विद्युत वितरण कंपनी के खिलाफ तीव्र आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित उपभोक्ता और क्षेत्रवासियों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए लापरवाह लाइनमैन और सुपरवाइजर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा तत्काल प्रभाव से बंद पड़े घरेलू कनेक्शन को चालू कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।