सरवानिया महाराज - गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के तहत शनिवार को सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरवानिया महाराज में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर नशा मुक्ति रैली निकाली तथा आमजन से नशे से दूर रहने की अपील की। रैली के समापन पर विद्यार्थियों ने स्वयं भी नशा नहीं करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इसके बाद "एक पेड़ माँ के नाम" के साथ साथ जीवन में एक पेड़ "गुरु के नाम" अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर के नवीन उद्यान में पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया। इसी दिन विद्यालय प्रबंधन समिति (पालक-शिक्षक संघ) के चुनाव भी संपन्न हुए। चुनाव में डॉ. कैलाश मेघवाल (सरवानिया महाराज) को अध्यक्ष तथा अर्जुन मालवीय (उपरेड़ा) को उपाध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम में आमंत्रित जनप्रतिनिधि के रूप में सीमा कुंवर नाहर सिंह कानावत उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती स्मिता शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और सर्वांगीण विकास के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। इस पर नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कैलाश मेघवाल और उपाध्यक्ष अर्जुन मालवीय ने विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विद्यालय से शिक्षिकाएं श्रीमती ललिता सांवरिया, श्रीमती मंजू उपाध्याय, श्रीमती पूजा बोहरा, श्रीमती मंगल पाटीदार, सुश्री सुधा महावर तथा शिक्षक श्री गोपाल खाटकीया, श्री वीरेंद्र गुर्जर और श्री आशीष सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन श्रीमती ललिता सांवरिया ने किया।