रामपुरा - हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भानपुरा दरवाजा स्थित वीर हनुमान मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर परिसर में शिव परिवार की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जगदीश मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वीर हनुमान मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से भाग लिया। यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण किए चल रही थीं, वहीं भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान आचार्यों द्वारा हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। पूरे विधि-विधान से संपन्न इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्म लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। शाम को आयोजित महा आरती में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे रामपुरा क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया और श्रद्धालुओं के मन में आस्था और उत्साह का संचार नजर आया।