logo

रामपुरा पुलिस का अवैध शराब पर बड़ा प्रहार आमेड और बुज नाले में 400 लीटर लहान एवं 10 लीटर कच्ची शराब जब्त

रामपुरा - (मुकेश राठौर) पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व एवं एसडीओपी निकिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन मसीह तथा रामपुरा थाना पुलिस बल ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने आमेड और बुज नाले क्षेत्र में छापेमारी करते हुए करीब 400 लीटर लहान एवं 10 लीटर कच्ची शराब जब्त की। वहीं अवैध शराब निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार पुलिस को क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आमेड और बुज नाले के आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में लहान और कच्ची शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रामपुरा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए क्षेत्र में ऐसे अभियान लगातार चलाने की मांग की है।

Top