logo

स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत- ग्राम पंचायत जाट में बदहाली

जाट - (सत्यनारायण सुथार) नीमच जिले की जावद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सबसे बड़ी ग्राम पंचायत *_जाट_* इन दिनों घोर उपेक्षा और बदहाली के दौर से गुजर रही है। यहां स्वच्छता अभियान पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। ग्राम पंचायत प्रशासन के जिम्मेदारो की उदासीनता का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है, जहां नालियों की सफाई न होने के कारण सड़कों पर कीचड़ और दूषित पानी का जमावड़ा बना हुआ है। *बीमारियों का खतरा, जिम्मेदार बने 'मुक दर्शक'* ग्रामीणों ने बताया कि नालियों की सफाई नही होने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। और उनसे उठने वाली दुर्गंध से जीना दूर्भर हो गया है।गंदगी के कारण गांव में मौसमी और गंभीर बीमारियों के फैलने का भी खतरा मंडरा रहा है।मुख्य रास्तों पर जलभराव के कारण राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी व सरपंच पूरी तरह से मुकदर्शक बने हुए हैं। *मानसून से पहले बढ़ी चिंता जन- जीवन पर संकट* मानसून की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता को और बढ़ा दिया है। नालियां पूरी तरह गाद और कचरे से अटी पड़ी हैं, जिससे जल निकासी का मार्ग बंद हो चुका है। यदि समय रहते नालियों की सफाई और मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश में जलभराव की स्थिति से जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाएगा। *मजबूरी-फावड़ा उठा खुद सफाई करने उतरे ग्रामीण* पंचायत प्रशासन की लापरवाही का आलम यह है कि अपनी समस्याओं के समाधान हेतु ग्रामीणों को अब खुद ही फावड़े और तगारी उठाकर गलियों और नालियों की सफाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीण अपने स्तर पर स्वच्छता बनाए रखने का प्रयास तो कर रहे हैं, लेकिन भारी गंदगी के आगे उनकी मेहनत नाकाफी साबित हो रही है। *प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग* ग्रामीणों ने शासन- प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और तत्काल प्रभाव से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो गांव में कभी भी कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न हो सकती है। अब देखना यह है कि अधिकारी कर्मचारी एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की इस समस्या का कब तक समाधान कर पाते हैं। या उन्हें इसी प्रकार से गंदगी के बीच जीवन बसर करना पड़ेगा

Top