logo

नगर पालिका की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला पहुंचा कलेक्टर के दरबार, जांच की उठी मांग।

नीमच। सीताराम जाजू सागर बांध (हरकियाखाल) की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, खेती और निर्माण को लेकर कलेक्टर नीमच को एक शिकायत आवेदन सौंपा गया है। शिकायतकर्ता राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने प्रशासन से नगर पालिका की भूमि को अपने अधीन लेकर अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बांध के आसपास स्थित बरखेड़ा गुर्जर, जीरन, पावटी, पिपलिया गुर्जर और कालिया खेड़ी सहित कई गांवों के कुछ लोगों ने वर्षों से डैम की शासकीय भूमि पर कब्जा कर अवैध रूप से खेती कर रखी है। शिकायत के अनुसार, हर वर्ष इस भूमि पर फसल बोई जाती है, जिससे सरकारी संपत्ति पर लगातार अतिक्रमण बना हुआ है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि नगर पालिका द्वारा हाल ही में भूमि का सीमांकन कर कई स्थानों पर गहरी खाइयां और खंभे लगाए गए, लेकिन कुछ क्षेत्रों में यह कार्रवाई नहीं की गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित डैम प्रभारी की मिलीभगत के कारण कुछ स्थानों पर कार्रवाई नहीं हुई, जहां सबसे अधिक अवैध खेती की जा रही है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि सीमांकन के दौरान नगर पालिका की भूमि पर 3 से 4 अवैध निर्माण भी पाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि इन अवैध निर्माणों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं या नहीं।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर पालिका और संबंधित विभाग को निर्देशित कर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए तथा इस वर्ष दोबारा अवैध खेती नहीं होने दी जाए।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Top