जाट - (सत्यनारायण सुथार) जाट चौकी क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं।कि वे कानून- व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।महज तीन दिनों के भीतर लूट की दो बड़ी घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।अपराधियों द्वारा की जा रही बर्बरता के चलते ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। *डाबड़िया में नकाबपोशों का हमला*पहली घटना डाबड़िया गांव की है। जहां दिनांक 24 व 25 जून की मध्यरात्रि को देवीलाल गुर्जर (35) परिवार के साथ खेत पर स्थित अपने मकान में सो रहे थे।रात करीब 1:00 बजे 8-10 नकाबपोश बदमाशों ने मकान को चारों तरफ से घेर लिया बदमाशों ने नकदी की मांग करते हुए देवीलाल के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके हाथ,पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, लुटेरों ने बंदूक की नोक पर दुकान के 70,000 रुपये और पत्नी के सोने के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। *दूकानदार को बनाया बंधक अपहरण कर की मारपीट* पहली घटना की टीस अभी कम भी नहीं हुई थी कि शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि दिनांक 27 व 28 जून को 5 नकाबपोश बदमाशों ने रोहित शर्मा नाम के युवक को निशाना बनाया। बदमाशों ने घर से आवाज देकर रोहित को बाहर बुलाया और दरवाजा खुलते ही मुंह दबाकर उसे काबू कर लिया।चाकू की नोक पर बदमाशों ने किराना दुकान से 15 से 20 हजार रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं,बदमाश रोहित को जबरन गांव से आधा किलोमीटर दूर ले गए,वहां जमकर मारपीट की और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए, सबसे विशेष गोर करने वाली बात यह भी है कि यह घटना भी रात्रि लगभग 12:45 से 01 बजे के बीच में ही घटित हुई। *ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल* लगातार हुई इन घटनाओं ने पुलिस गश्त के दावों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते सख्ती नहीं दिखाई और गश्त नहीं बढ़ाई,तो अपराधी किसी और बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है।कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए ताकि आम जन भय मुक्त जीवन जी सकें। *इनका कहना:-* "पीड़ितों की ओर से आवेदन प्राप्त हो गए हैं, और मामले में रिपोर्ट पंजीबद्ध कर ली गई है। पिछले तीन दिनों से मुख्यमंत्री महोदय के आगमन के चलते पूरा स्टाफ वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त था, अब जल्द ही विवेचना शुरू कर अपराधियों की धरपकड़ की जाएगी।" — नरेंद्र सिंह राठौड़, चौकी प्रभारी जाट