logo

आज इतिहास रचेगा नीमच: चार्टर्ड विमान से होगा संत आगमन, निकलेगी भव्य वाहन रैली।

मध्य प्रदेश की वीर और लाल माटी का गौरवशाली नगर नीमच आज एक ऐसे ऐतिहासिक और भव्य आध्यात्मिक महासमागम का गवाह बनने जा रहा है जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई देगी। राष्ट्र उत्थान, सामाजिक कल्याण और विश्व शांति के महासंकल्प के साथ नीमच के टाउन हॉल में एक दिवसीय विराट धर्मसभा का बिगुल फूंक दिया गया है। इस महापर्व में सनातन धर्म के ध्वजवाहक, परम शिव उपासक, ब्रह्मनिष्ठ परिव्राजकाचार्य, अनंत श्री विभूषित आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द महाराज (पीठाधीश्वर, निरंजनी अखाड़ा एवं दक्षिण काली पीठ, हरिद्वार) अपने दिव्य सानिध्य से नीमच की धरा को धन्य करेंगे। भगवा रंग में रंग चुके नीमच में आज का दिन बेहद खास होने वाला है। तय कार्यक्रम के अनुसार आज 10 जुलाई को ठीक सायं 5 बजे स्वामी कैलाशानन्द महाराज का चार्टर्ड विमान सीधे नीमच हवाई पट्टी पर लैंड करेगा। हवाई पट्टी पर महाराज श्री की भव्य अगवानी के ठीक बाद पूरे शहर में एक विशाल और ऐतिहासिक वाहन रैली निकाली जाएगी। इस भव्य स्वागत यात्रा को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में भारी जोश है। 11 जुलाई को टाउन हॉल में अध्यात्म का ऐसा सैलाब उमड़ेगा जो नीमच के इतिहास में दर्ज हो जाएगा। यहाँ प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक महाधर्मादेश जारी होगा। इस विराट धर्मसभा की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें देश की प्रथम पंक्ति के संत और राजनेता एक साथ मंच साझा करेंगे। इस भव्य महासमागम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविन्द्रपुरी महाराज, महायोगी परमहंस बाबा श्री श्री 1008 कालीदास कृष्णानंदजी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी मधुसूदनानंद गिरी, बालमुकुन्दाचार्य महाराज, महामंडलेश्वर सुरेशानन्द सरस्वती, स्वामी सुदर्शनाचार्य, भागवताचार्य भीमाशंकर शास्त्री, राष्ट्रीय संत डॉ. मिथिलेश नागर के साथ-साथ देश के विभिन्न केंद्रीय मंत्री, राज्य के उपमुख्यमंत्री और सांसद एक साथ शामिल होकर धर्म का शंखनाद करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार, इस भव्य समागम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पलक-पावड़े बिछाकर नीमच की जनता अपने आराध्य संतों के स्वागत के लिए तैयार है।

Top