नीमच। जिले के ग्राम पालसोड़ा निवासी रमेश शर्मा मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपने खेत तक पहुंचने का रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने गले में खिलौने वाले हेलीकॉप्टर की माला पहनकर प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित किया। रमेश शर्मा का कहना है कि खेत तक जाने का रास्ता दबंगों द्वारा बंद कर दिया गया है। इस संबंध में तहसीलदार द्वारा रास्ता खुलवाने के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन आज तक उन आदेशों का पालन नहीं हुआ। आरोप है कि संबंधित दबंगों ने प्रशासनिक आदेशों की भी अनदेखी कर रास्ता नहीं खोला। पीड़ित ने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए कहा कि जब सड़क मार्ग से खेत तक पहुंचने का रास्ता ही नहीं दिया जा रहा है, तो प्रशासन उन्हें खेत पर आने-जाने के लिए हेलीकॉप्टर उपलब्ध करा दे। उनका कहना था कि यदि आदेशों का पालन नहीं कराया जा सकता, तो उनके पास यही एक विकल्प बचता है। रमेश शर्मा का यह अनोखा विरोध कलेक्ट्रेट परिसर में चर्चा का विषय बना रहा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित को न्याय कब तक मिल पाता है।