रामपुरा - रामपुरा तहसील मुख्यालय पर गणगौर तीज के पावन अवसर पर आज शहर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गणगौर की भव्य झेल (शोभायात्रा) निकाली गई। इस दौरान पूरे शहर का माहौल भक्तिमय और उत्साह से भरा नजर आया। महिलाएं रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी, सिर पर कलश और गणगौर माता की प्रतिमाएं लेकर गीत गाते हुए चल रही थीं। झेल की शुरुआत प्राचीन सूरज घाट स्थित जागनाथ मंदिर परिसर से हुई, जो चुना कोठी पीपली बाजार गणपति चौक जगदीश मंदिर पहुंची जहां विधि विधान से गणगौर माता की पूजा की गई रास्ते भर श्रद्धालुओं गणगौर शोभा यात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक नृत्य और भजन-कीर्तन ने माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर युवतियों और नवविवाहित महिलाओं ने सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए गणगौर माता की विशेष पूजा-अर्चना की। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। गणगौर तीज का यह पर्व शहरवासियों के लिए आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक बनकर एक बार फिर मातृशक्ति वर्ग को एकजुट करने में सफल रहा।