logo

एसईसीएल समर कैंप 2026 का भव्य समापन, 21 दिनों तक बच्चों ने लिया शारीरिक व बौद्धिक प्रशिक्षण

उमरिया - ( हुकुम सिंह) जिले में आयोजित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के समर कैंप 2026 का आज उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन किया गया। यह 21 दिवसीय समर कैंप क्षेत्रीय महाप्रबंधक सुरेंद्र सिंह चौहान के कुशल मार्गदर्शन तथा कार्मिक प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन के अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरे पर खुशी और अनोखा आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना था। 21 दिनों तक चले इस विशेष शिविर के दौरान बच्चों को कड़े शारीरिक एवं उच्च बौद्धिक प्रशिक्षण प्रदान किए गए। कैंप में बच्चों को बांसुरी वादन, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, स्विमिंग, वॉलीबॉल और योग जैसे विभिन्न खेलों व कलात्मक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। अनुभवी प्रशिक्षकों के निर्देशन में बच्चों ने न केवल खेल की बारीकियां सीखीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल (लीडरशिप) के गुण भी आत्मसात किए। शिविर में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी नई-नई प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्राप्त किया। समापन समारोह के दौरान सभी प्रतिभागी बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से कोच शिवप्रसाद मुंगेरिया, राजाराम, क्रिकेट कोच निपेंद्र सिंह, अशोक, रूपलाल, सलीम फोटोग्राफर सहित एसईसीएल के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व अभिभावक उपस्थित रहे।

Top