logo

मादक पदार्थ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा स्थायी वारंटी गिरफ्तार

सरवानिया महाराज - (अनिल लक्षकार) पुलिस अधीक्षक जिला नीमच श्री राजेश व्यास के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जावद श्री हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों की तस्करी एवं फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जावद एवं पुलिस चौकी सरवानिया महाराज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने न्यायालयीन प्रकरण में काफी समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी शंकरलाल उर्फ शंकर पिता बिहारीलाल चावड़ा (बंजारा) निवासी मानस का खेड़ा को घेराबंदी कर सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शंकरलाल उर्फ शंकर के विरुद्ध विशेष न्यायाधीश (एन.डी.पी.एस. मजिस्ट्रेट) न्यायालय जावद, जिला नीमच में अपराध क्रमांक 241/20 तथा विशेष प्रकरण क्रमांक (SPST) 28/20 दर्ज है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करी का गंभीर प्रकरण तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 419 एवं 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।। उक्त प्रकरण में माननीय न्यायालय जावद द्वारा आरोपी के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी पहचान छिपाकर तथा ठिकाने बदल-बदलकर फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जावद श्री मनोज सिंह जादौन, चौकी प्रभारी सरवानिया महाराज एवं अधीनस्थ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, साथ ही प्रधान आरक्षक 400 जीवन बामनिया एवं आरक्षक 358 विजयबहादुर सिंह ने कार्रवाई में विशेष योगदान दिया। वहीं अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय स्थापित कर आरोपी की सटीक पतारसी एवं गिरफ्तारी में आरक्षक 781 जगदीश धाकड़, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान पुलिस) की भूमिका भी सराहनीय रही।

Top